यात्री मित्रों ने किया पानी व फलों का वितरण
आईएसबीटी ऋषिकेश के पंजीकरण केंद्र पर 6500 श्रद्धालुओं का किया गया पंजीकरण
देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। चारधाम यात्रा के लिए राज्य में आ चुके 6500 श्रद्धालुओं का ऋषिकेश व हरिद्वार में बने फिजिकल पंजीकरण केंद्रों से 03 जून को पंजीकरण किया गया। यह सभी यात्री अगले एक सप्ताह के भीतर चारधाम के दर्शन कर सकेंगे। अतिथि देवो भव की मिसाल देते हुए यात्री मित्रों ने पंजीकरण कराने आए तीर्थयात्रियों के बीच पानी की बोतलें और फल वितरित किए।
पंजीकरण का कार्य व्यवस्थित ढंग से हो सके इसके लिए पंजीकरण केंद्रों पर बैरिकेडिंग लगाए गए हैं। आईएसबीटी ऋषिकेश पर बने 10 काउंटरों के अलावा यात्रा कार्यालय ऋषिकेश स्थित प्रतीक्षालय व सभागार में हैंड होल्डिंग मशीनों और मोबाइल के जरिए तीर्थयात्रियों का पंजीकरण किया गया।
ऋषिकेश आईएसबीटी और हरिद्वार के चमगादड़ टापू में बने पंजीकरण केंद्र पर पर्यटन विभाग और एसडीआरएफ की टीम द्वारा देश के विभिन्न राज्यों से उत्तराखण्ड आ चुके तीर्थयात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन का पूरा सहयोग मिल रहा है।
विदित हो कि आज तत्काल पंजीकरण कराने वाले तीर्थयात्री धामों की क्षमता धारण के अनुरुप अगले एक सप्ताह से 10 दिनों के बीच चारों धामों के दर्शन कर सकेंगे।
**************************
समाचारों के लिए इस वेबसाइट से भी जुड़े :
???? www.garhwalkavikas.com