CM धामी ने 55 हजार से अधिक मतों से जीता चंपावत उपचुनाव
देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। चंपावत उपचुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 55 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की है। इसी के साथ चंपावत उपचुनाव ऐतिहासिक बन गया है।
विदित हो कि चंपावत उपचुनाव के लिए 31 मई को मतदान हुआ था, जिसकी आज मतगणना हुई। मतगणना की शुरूआत से ही कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी लगातार पिछड़ती नजर आई। उन्हें हर राउंड में कम वोट मिल रहे थे, जिसके बाद से अंदाजा लगाया जा रहा था कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां भारी मतों के अंतर से जीतने जा रहे है। ठीक उसी के अनुरूप परिणाम आए और सीएम धामी को 58258 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार उन्हें 55025 मतों के अंतर से जीत हासिल हुई। यहां कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को मात्र 3233 वोट मिले।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विधानसभा चुनाव 2022 में खटीमा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भुवन कापड़ी से चुनाव हार गए थे। हालांकि उनके नेतृत्व में लड़े गए चुनाव में भारी बहुमत मिलने के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और भाजपा हाईकमान ने उन पर विश्वास जताते हुए एक बार फिर से उत्तराखंड की कमान सौंप दी। 
चंपावत उपचुनाव में मिली शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब फुल फॉर्म में नजर आएंगे। ऐसे में जनता की भी उनसे अपेक्षा बढ़ गई हैं कि वह जनहित में उत्तराखंड के लिए कई ऐतिहासिक फैसले ले सकेंगे।
**************************
समाचारों के लिए इस वेबसाइट से भी जुड़े :
???? www.garhwalkavikas.com