News Portal

कांग्रेस ने राज्य निर्माण रजत जयंती समारोह के लिए कार्यक्रम समन्वयक किए घोषित

– धस्माना, प्रताप व शाह को भी मिली जिम्मेदारियां,

– हेमा करवाएंगी ध्वजारोहण, तो मदन लाल कटवाएंगे केक

देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्य निर्माण की रजत जयंती समारोह पखवाड़ा के विभिन्न कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आयोजित करने के लिए पार्टी संगठन के वरिष्ठ नेताओं को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी है।

उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने रजत जयंती पखवाड़े को भव्य व प्रभावी रूप देने के मकसद से एक नवंबर को पहले दिन देहरादून कचहरी स्थित शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के लिए प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री व राज्य आंदोलनकारी श्री राजेंद्र शाह को समन्वयक बनाया गया है। दो सितंबर को प्रदेश के सभी विकास खंडों में रजत जयंती गोष्ठियां आयोजित करने के लिए समन्वयक की जिम्मेदारी प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान को दी गई है। तीन नवंबर को प्रदेश के सभी जिलों में जिला महानगर कांग्रेस कमेटियों के द्वारा अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण कार्यक्रम के आयोजन के लिए प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी को समन्वयक बनाया गया है।

श्री धस्माना ने कहा कि तीन व चार नवंबर को राज्य विधान सभा के विशेष सत्र में पार्टी विधायक दल के नेता श्री यशपाल आर्य व उप नेता भुवन कापड़ी के नेतृत्व में विधायक दल विधानसभा में पार्टी का पक्ष रखेगा। उन्होंने कहा कि पांच नवंबर को प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का पत्रकार सम्मेलन का आयोजन का जिम्मा प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना, प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट व मीडिया विभाग देखेगा। उन्होंने बताया कि छ नवंबर को प्रदेश नेताओं का रामपुर तिराहा पर शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का समन्वयक प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष व वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी धीरेन्द्र प्रताप को बनाया गया है। आठ नवंबर को प्रदेश मुख्यालय में होने वाले विचार सम्मेलन को श्री धस्माना देखेंगे। उन्होंने बताया कि आठ नवंबर को प्रदेश कांग्रेस द्वारा राज्य में पच्चीस साल की विभिन्न सरकारों के क्रियाकलापों की प्रदर्शनी के समन्वयक सरदार अमरजीत सिंह व श्री विशाल मौर्य को बनाया गया है।

श्री धस्माना ने कहा कि ९ नवम्बर को रजत जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विभिन्न कार्यक्रम होंगे जिसमें सबसे पहले प्रातः १० बजे ध्वजारोहण का समन्वयक सेवा दल की प्रांतीय मुख्य संगठक हेमा पुरोहित, श्री मनमोहन शर्मा व सावित्री थापा को बनाया गया है, प्रातः ग्यारह बजे एससी अध्यक्ष मदन लाल के संयोजकत्व में केक कटिंग व मिष्ठान वितरण कार्यक्रम होगा व शाम को साढ़े छह बजे ग्रीन आतिशबाजी होगी। उन्होंने कहा कि 11 नवंबर से 14 नवंबर तक सभी जिलों में जय उत्तराखंड जय भारत तिरंगा यात्रा सभी 70 विधानसभाओं में निकली जाएंगी, उनके समन्वयक जिला महानगर अध्यक्ष होंगे जो पार्टी के स्थानीय नेताओं से समन्वय कर यात्राएं आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में 14 नवंबर को पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर श्रद्धांजलि व विचार गोष्ठी का आयोजन कर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा द्वारा कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.