News Portal

दिनदहाड़े युवती की हत्या, आक्रोशित भीड़ ने बंद कराया बाजार

देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मच्छी बाजार में दिनदहाड़े हुई एक युवती की हत्या ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते तनावपूर्ण माहौल बन गया। उधर घटना के विरोध में बाजार बंद रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपित आकाश कुमार (27) ने  युवती को बीच सड़क पर बाहर बुलाया और भीड़ के बीच में ही उस पर जानलेवा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपित ने पहले वार में युवती के गले पर धारदार हथियार से हमला किया, जिसे उसने हाथ आगे कर रोकने की कोशिश की, जिससे उसकी उंगली कट गई। इसके बाद दूसरे वार में गले पर गहरा घाव लगा। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान गुंजन उर्फ गुन्नु श्रीवास्तव के रूप में हुई है।

उधर अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया। साथ ही आक्रोशित भीड़ ने आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख मच्छी बाजार और आसपास के क्षेत्रों में दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। इधर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।

*पहले ही दी थी धमकी की शिकायत*

बताया जाता है कि मृतका ने घटना से दो दिन पहले खुडबुड़ा चौकी में आरोपित के खिलाफ धमकी देने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इस दिशा में पुलिस के द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई ।

इधर पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी पर विश्वास किया जाए तो शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले में लापरवाही बरतने पर खुडबुड़ा चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है, वहीं शहर में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.