देहरादून: राजपुर रोड क्षेत्र में युवक की हत्या, आरोपी फरार
देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। तमाम दावों के बावजूद राजधानी देहरादून में आपराधिक वारदातें होने का सिलसिला जारी है। ताजा मामला राजधानी देहरादून के वीवीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड का है, जहां जिम से बाहर निकल रहे युवक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान विक्रम शर्मा (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 10:30 बजे जैसे ही मृतक राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल में बने जिम से नीचे उतरे, तभी वहां पहले से मौजूद दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां दागनी शुरू कर दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक साथी को मुख्य सड़क पर बाइक के साथ तैयार रखा गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में शहरभर में नाकेबंदी की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी