देहरादून में दिन दहाड़े गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या
देहरादून, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। स्कूटी सवार दो युवकों ने दिन दहाड़े तिब्बती मार्केट के पास एक गैस एजेंसी के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित करने के साथ ही संपूर्ण जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक जीएमएस रोड पर अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार आज सुबह देहरादून के व्यस्त बाजार तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलकर वापस घर जा रहे थे, इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने उनकी गोली मार दी और वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला से पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा घायल व्यक्ति को उपचार हेतु दून अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। उधर अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, साथ ही संपूर्ण जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस सभी तथ्यों की गहन जांच कर रही है।