News Portal

उत्तराखंड दूसरी बार करेगा राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों की मेजबानी

फरवरी माह में उत्तराखंड के चमोली जिले में आयोजित होंगे राष्ट्रीय शीतकालीन खेल

देहरादून 10 नवंबर, न्यूज यूके लाइव डॉट इन। प्रदेश में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए औली में 02 से 05 फरवरी तक राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। इन खेलों में उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। इन खेलों का आयोजन फरवरी के महीने में चमोली जिले के औली में किया जाना है। राष्ट्रीय शीतकालीन खेलों में अंतर्राष्ट्रीय स्की महासंघ (एफआईएस) द्वारा अनुमोदित रेसिंग स्कीइंग कार्यक्रम भी आयोजित होने प्रस्तावित हैं।

2 फरवरी 2023 से 5 फरवरी 2023 तक होने वाली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप-2023 में कुल 4 इवेंट आयोजित किए जाएंगे। इनमें पुरुष और महिला दोनों वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा हिमालयन ट्रॉफी 2023 के तहत 7 और 8 फरवरी को पुरुषों और महिलाओं के लिए एफआईएस स्वीकृत जायंट स्लैलम रेस का भी आयोजन किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के साथ विकसित होने के बाद औली में  युवाओं को स्कीइंग प्रशिक्षण देने के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम द्वारा संचालित पर्वतारोहण और स्कीइंग संस्थान भी हैं जहां स्कीइंग प्रतिभाओं को विशेषज्ञों द्वारा तैयार किया जाता है।

एफआईएस किसी भी सेंटर को तभी मंजूरी देता है जब वह अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और मानकों से मेल खाता हो। औली इनके सभी मानकों और मानदंडों पर खरा उतरा है। पर्यटन विभाग द्वारा औली के लिए एक मास्टरप्लान भी तैयार किया है जिसे कैबिनेट स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इसके अलावा यहां 3.5 किमी रेसिंग ढलान का निर्माण भी किया जाना प्रस्तावित है जिसके बाद औली स्कीइंग पेशेवरों के लिए एक अद्वितीय स्कीइंग गंतव्य के रूप में स्थापित हो सकेगा।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड राज्य इस आयोजन की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

 

************************

समाचारों के लिए इस न्यूज पोर्टल से भी जुड़े

www.garhwalkavikas.com

Leave A Reply

Your email address will not be published.